Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंजाब सरकार को अकेले मार्च में संपत्ति की रजिस्ट्री से हुई रिकॉर्ड आय: मंत्री जिम्पा

April 3, 2023

पंजाब सरकार को अकेले मार्च में संपत्ति की रजिस्ट्री से हुई रिकॉर्ड आय: मंत्री जिम्पा

चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री भगवंत मान की जनहितैषी नीतियों के कारण प्रदेश में मार्च माह में जमीन व जायदाद की रजिस्ट्री से रिकार्ड आय दर्ज की गयी है। मार्च 2022 के मुकाबले मार्च 2023 में आय में रिकॉर्ड 78 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। राजस्व मंत्री ब्रम शंकर जिम्पा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा 1 मार्च से 31 मार्च 2023 तक स्टांप शुल्क में कुल 2.25 प्रतिशत की कटौती की गयी है। मुख्यमंत्री के इस फैसले से प्रदेश भर के लोगों ने जमीन और जायदाद की रजिस्ट्री कराने में काफी दिलचस्पी दिखाई।

जिम्पा ने कहा कि मार्च महीने में पंजाब सरकार के खजाने में जमीन और जायदाद की रजिस्ट्रियों से 658.69 करोड़ रुपये आए हैं, जबकि मार्च 2022 में यह आय 369.61 करोड़ रुपये थी। पिछले वर्ष की तुलना में यह आय 78 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने कहा कि अप्रैल 2022 से फरवरी 2023 तक 11 महीनों के दौरान औसतन 308 करोड़ रुपये प्रति माह की आय सरकारी खजाने में आ रही है, जबकि सिर्फ एक महीने में यानी मार्च 2023 में यह आय दोगुनी से भी अधिक हो गई है।

राजस्व मंत्री ने कहा कि अप्रैल 2023 के दौरान भी पंजाब के खजाने में पिछले महीनों की तुलना में अधिक आय आने की संभावना है क्योंकि स्टैंप ड्यूटी और शुल्क में 2.25 प्रतिशत की छूट को 30 अप्रैल, 2023 तक बढ़ा दिया गया है। उन्होंने कहा कि अप्रैल माह में फसल कटने के बाद भूमि-सम्पत्ति पंजीयन के लिए किसानों द्वारा रुचि दिखाई जा रही है और राज्य के किसान मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा स्टाम्प शुल्क और फीस के संबंध में लिए गए निर्णय का लाभ उठा सकेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें