Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

छत्तीसगढ़ : सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में एसटीएफ जवान का भाई मारा गया

February 1, 2024

छत्तीसगढ़ : सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में एसटीएफ जवान का भाई मारा गया

रायपुर: छत्तीसगढ़ के बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों की सीमा पर सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से गोलीबारी में पुलिस के एक जवान का भाई मारा गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ मंगलवार को हुई थी लेकिन गांव में रहने वाले रमेश पोयम की मौत की जानकारी बुधवार को प्राप्त हुई।

अधिकारी ने बताया कि पोयम का भाई राज्य पुलिस के नक्सल विरोधी बल, विशेष कार्य बल (एसटीएफ) में कार्यरत है। मंगलवार को दंतेवाड़ा से शुरू किए गए अभियान में राज्य पुलिस की जिला रिजर्व गार्ड व बस्तर फाइटर्स इकाइयों और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 230वीं टुकड़ी के जवान शामिल थे।

अधिकारी ने बताया कि जब सुरक्षा बल बीजापुर जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोंद्रोजी और बोडगा गांवों के जंगलों में पहुंचे तभी मुठभेड़ शुरू हो गई। अधिकारी के मुताबिक, नक्सली जल्द ही घटनास्थल से भाग गए।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान इलाके में नक्सलियों द्वारा खोदी गई एक सुरंग और उनके द्वारा बनाए गए स्मारक नष्ट कर दिए गए। अधिकारी ने बताया कि बुधवार को पुलिस को सूचना मिली की दोनों ओर से हुई गोलीबारी में बोडगा गांव के रहने वाले पोयम की मौत हो गयी।

उन्होंने बताया कि एक दल को मौके पर भेजा गया। अधिकारी ने बताया कि मृतक के परिवार को सरकार की नीति के मुताबिक सभी जरूरी सहायता प्रदान की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें